रामगढ़ शेखावाटी
राठौड़ की गिरफ्तारी के विरोध में रामगढ़ पूर्ण बंद रहा

रामगढ़ शेखावाटी, 7 अप्रेल। तारानगर के विधायक एवं विधानसभा में भाजपा के मुख्य सचेतक राजेंद्र राठौड़ को दारिया हत्याकांड में सीबीआई द्वारा गिरफ्तार किये जाने के विरोध में यहां भाजपा मंडल एवं करणी सेना के संयुक्त आह्वान पर रामगढ़ बंद पूर्ण सफल रहा। हालांकि सुबह भाजपा के कार्यकर्ता मंडल अध्यक्ष अमित खेड़वाल के नेतृत्व में तथा करणी सेना के कार्यकर्ता बाजार में नारे लगाते हुए जुलूस के रूप में लगातार चक्कर लगा रहे थे लेकिन दुकानदारों ने स्वत: स्फूर्त बाजार को बंद रखा। बंद का असर इतना व्यापक देखा गया कि दोपहर तक एक दो मेडिकल स्टोर को छोडक़र चाय-पानी की दुकानें न खुलने से लोग चाय के लिए भी तरस गये। भाजपा मंडल अध्यक्ष अमित खेड़वाल के नेतृत्व में उपाध्यक्ष शुभकरण भार्गव, सुलतान जांगिड़, कृष्ण कुमार गोस्वामी, महामंत्री राजकुमार पंसारी, पार्षद रमेश पंवार, भाजयुमो अध्यक्ष अशोक पुजारी, उपपाध्यक्ष भारत शर्मा, महामंत्री मनमोहन कलावटिया, किसान मोर्चा महामंत्री काशी काछवाल, वरिष्ठ भाजपा नेता तोलाराम सहित रमेश अग्रवाल, दिनेश पारीक, संजय महर्षि, पूर्व पार्षद नारायण नागौरा, सरपंच राजेंद्र सिंह शेखावत, सुरेश सैनी, रामदयाल राजपुरोहित, लादूसिंह सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन दिया।
रामगढ़ हॉस्पीटल में आई क्लिनिक का उद्घाटन
विकास को लेकर विचार गोष्ठी आयोजित
रामगढ़ शेखावाटी, 6 अप्रेल। यहां के प्रवासी समाजसेवी सुरेश पंसारी द्वारा स्थापित एवं अन्य प्रवासियों के सहयोग से संचालित रामगढ़ हॉस्पीटल में मुम्बई प्रवासी माधव खेमका द्वारा अपने पिताजी की स्मृति में श्रीनिवास खेमका आई क्लिनिक का शुभारम्भ समारोह पूर्वक किया गया। फतेहपुर उपखंड अधिकारी फतेह मोहम्मद खान की अध्यक्षता में आयोजित समारोह में मुम्बई प्रवासी श्रीमती अमला अशोक रूईया मुख्य अतिथि थी। फतेहपुर के विधायक भंवरू खां अति विशिष्ट अतिथि थे। इनके अतिरिक्त मुम्बई प्रवासी माधव खेमका, रामनिरंजन रूईया, श्यामसुंदर रूईया, गोविंद सिंघानिया, जयप्रकाश खेतान विशिष्ट अतिथि थे। इससे पूर्व विधायक भंवरू खां ने फीता काटकर आई क्लिनिक का विधिवत् उद्घाटन किया। इस मौके पर श्रीमती अमला रूईया व माधव खेमका ने 20-20 जरूरतमंदों के नि:शुल्क ऑपरेशन की घोषणा की। उल्लेखनीय है कि खेमका ने नेत्र चिकित्सा के लिए अत्याधुनिक फेको मशीन भी प्रदान की है तथा नेत्र चिकित्सक डॉ. सारिका अग्रवाल स्थायी रूप से सेवाएं देंगी। इसी क्रम में पूर्व रात्रि में रामगढ़ के विकास के लिए अग्रसेन भवन में विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया जिसमें बाहर से आए प्रवासियों सहित यहां के प्रबुद्ध नागरिकों ने विकास को लेकर अपने विचार प्रस्तुत किए। इस मौके पर रामगढ़ हॉस्पीटल के समुचित संचालन के लिए भी विचार मांगे गए तथा नव स्थापित आई क्लिनिक एवं इसमें उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी दी गई।
विधायक ने राजकीय चिकित्सालय का किया आकस्मिक निरीक्षण
चार चिकित्सक मिले नदारद
रामगढ़ शेखावाटी, 6 अप्रेल। विधायक भंवरू खां जहां यहां के निजी अस्पताल में नवस्थापित आई क्लिनिक के उद्घाटन समारोह में प्रवासी दानदाताओं द्वारा मुहैया कराई गई सुविधाओं की प्रशंसा के पुल बांध रहे थे, इसके कुछ ही पलों बाद उनके द्वारा यहां के राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण करने पर सरकारी सुविधाओं की पोल खुलकर सामने आ गई। अस्पताल में नियुक्त छ: चिकित्सकों में से चार चिकित्सक नदारद मिले जिनमें से एक तो पिछले एक महीने से अधिक समय से अनुपस्थित चल रहा है। निरीक्षण के दौरान विधायक के साथ फतेहपुर के उपखंड अधिकारी फतेह मोहम्मद खान भी थे। चिकित्सकों के अलावा भी दोनों रेडियोलोजिस्ट अनुपस्थित मिले और प्रयोगशाला बंद मिली। बताया गया कि इन दोनों को काफी समय से प्रतिनियुक्ति पर दूसरी जगह लगा रखा है। मौके पर मौजूद सैंकड़ों मरीजों ने बताया कि रात्रि में कोई चिकित्सक या कर्मचारी ड्यूटी पर नही मिलता। इस अव्यवस्था के लिए विधायक ने जहां प्रभारी चिकित्सक जे.पी. माहिचा को जमकर लताड़ा वहीं मुख्य चिकित्सा अधिकारी व जिला कलेक्टर को व्यवस्था में सुधार करने एवं अनुपस्थित चिकित्सकों को एपीओ कर नये चिकित्सक लगाने के निर्देश दिये। उपखंड अधिकारी खान ने मौके पर ही निरीक्षण रिपोर्ट तैयार की। इसके बाद विधायक इनडोर में भर्ती मरीजों से मिलकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा असंतोष जताया। इस मौके पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पवन दाधीच, पूर्व पालिकाध्यक्ष रमाकांत पुजारी, शेखावाटी विकास संस्थान के अध्यक्ष पत्रकार विजय कुमार शर्मा, कोषाध्यक्ष किशोरी लाल शुक्ला सहित अनेक व्यक्ति उपस्थित थे।
शेखावाटी के अन्य स्थानों की खबरें- फतेहपुर चूरू लक्ष्मणगढ सीकर झुंझुनूं सरदारशहर रतनगढ बिसाऊ
Visitor No.
2499
